खबरें शेयर करें -

टिकट कटने का अलार्म! 8 विधायक ‘रेड जोन’ में, पैराशूट नेताओं की भी छुट्टी तय,  बीजेपी का साफ संदेश: काम दिखाओ या हट जाओ!
जमीनी और जिताऊ कार्यकर्ताओं पर फोकस, बाहरी चेहरों की एंट्री पर सख्ती!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो।
देहरादून। विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संकेत दे दिया है—इस बार टिकट सिर्फ उन्हीं को मिलेगा, जो जमीन पर मजबूत और जनता के बीच सक्रिय हैं। पार्टी के आंतरिक सर्वे में आठ मौजूदा विधायक ‘रेड जोन’ में पहुंच गए हैं, जिससे उनके टिकट पर खतरा साफ नजर आ रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, संगठन ने पूरे राज्य में फीडबैक जुटाया, खासकर जीती हुई सीटों पर। लेकिन कई जगहों पर रिपोर्ट चौंकाने वाली रही—जनता में नाराजगी, अधूरे वादे और क्षेत्र में कम मौजूदगी ने विधायकों की स्थिति कमजोर कर दी है।
इतना ही नहीं, इस बार पार्टी ने “पैराशूट नेताओं” पर भी सख्त रुख अपना लिया है। यानी ऐसे बाहरी चेहरे, जो चुनाव के वक्त अचानक सक्रिय होते हैं, उन्हें टिकट देने से बचा जाएगा। संगठन अब स्थानीय, जमीनी और लंबे समय से काम कर रहे कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने के मूड में है, जिनकी पकड़ क्षेत्र में मजबूत और जीत की संभावना ज्यादा है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी साफ कर दिया है कि टिकट वितरण में सिर्फ “जिताऊ उम्मीदवार” ही मान्य होंगे। बड़े नाम या पुरानी पहचान अब गारंटी नहीं रह गई है।
पार्टी ने कमजोर प्रदर्शन वाले विधायकों को साफ संदेश दिया है—तुरंत जनता के बीच सक्रियता बढ़ाएं, वरना टिकट कटना तय है। साथ ही, संगठन उन सीटों पर नए चेहरों और मजबूत स्थानीय समीकरणों के साथ रणनीति तैयार कर रहा है, जहां पार्टी पिछली बार हार गई थी।
अब बीजेपी पूरी तरह चुनावी मोड में है और फोकस बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर है। संदेश बिल्कुल साफ है—
“पैराशूट नहीं, परफॉर्मेंस चलेगा… और जीत उसी की होगी जो जमीन पर खड़ा रहेगा।”

उत्तराखंड