खबरें शेयर करें -

नैनीताल में रेड अलर्ट शनिवार को स्कूल-आंगनबाड़ी बंद, डीएम ने जारी किया आदेश!

भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी,कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में रहेगा अवकाश!

नैनीताल। मौसम विभाग की ओर से 26 सितंबर शनिवार को नैनीताल जिले में रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए शनिवार को जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। आदेश के मुताबिक 26 सितंबर को जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

नदियों-नालों में बढ़ सकता है जलप्रवाह, भूस्खलन का खतरा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। तेज बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में जलप्रवाह बढ़ने तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन होने की आशंका जताई गई है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए विद्यार्थियों को विद्यालय आने से मुक्त रखा गया है।

शिक्षक और स्टाफ को भी अवकाश।

आदेश के तहत विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा। मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को सभी संबंधित विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

आवासीय विद्यालयों को रखा गया है आदेश से बाहर ।

हालांकि नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शिक्षण संस्थान, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, इस आदेश के दायरे में नहीं होंगे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले संबंधित संस्थान के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उत्तराखंड