कटघरे में अस्पताल! प्रेम गिरी मौत प्रकरण की जांच शुरू!
बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के बीच प्रशासन सख्त, डीएम बोले—लापरवाही मिली तो नहीं बख्शे जाएंगे जिम्मेदार!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। निजी अस्पताल में उपचार के दौरान हुई बुजुर्ग मरीज प्रेम गिरी की मौत का मामला अब प्रशासनिक जांच के दायरे में पहुंच गया है। परिजनों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद जिला प्रशासन ने पूरे प्रकरण का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
बागेश्वर के मंडलसेरा निवासी 65 वर्षीय प्रेम गिरी की मौत के बाद उठे सवालों ने स्वास्थ्य व्यवस्था और निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। मामले के तूल पकड़ने के बाद जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रायल ने स्पष्ट किया है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान चिकित्सकीय प्रोटोकॉल, उपचार प्रक्रिया और अस्पताल प्रबंधन की भूमिका सहित सभी पहलुओं का परीक्षण किया जाएगा। यदि किसी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही, नियमों की अनदेखी अथवा अन्य अनियमितताएं सामने आती हैं तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तय है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से प्रदेश में निजी अस्पतालों में उपचार के दौरान मरीजों की मौत और कथित लापरवाही के मामलों ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ऐसे में प्रेम गिरी मौत प्रकरण की जांच को भी एक महत्वपूर्ण परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।
अब निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या यह जांच केवल औपचारिकता बनकर रह जाएगी या फिर स्वास्थ्य सेवाओं में जवाबदेही तय करने की दिशा में कोई ठोस संदेश भी देगी?
