खबरें शेयर करें -

शिकायतों के बाद भी नहीं बना स्कूल का टूटा गेट, मीडिया में मामला आने पर हरकत में आई कार्यदायी संस्था!

दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़। जमरानी बांध परियोजना के तहत नहर निर्माण कार्य के दौरान पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, हल्दूचौड़ की सुरक्षा दीवार और मुख्य गेट को क्षतिग्रस्त किए जाने के कई माह बाद भी उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। विद्यालय प्रशासन द्वारा लगातार पत्राचार और स्मरण पत्र भेजे जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर प्रधानाचार्य ने मीडिया के माध्यम से जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया।

प्रधानाचार्य ने 13 अप्रैल 2026 को परियोजना अधिकारी जमरानी बांध परियोजना को पत्र भेजकर अवगत कराया था कि नहर निर्माण के दौरान विद्यालय की सुरक्षा दीवार डायवर्जन कार्य के लिए तोड़ी गई थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी दीवार और मुख्य गेट को पूर्ववत नहीं किया गया, जिससे विद्यालय परिसर की सुरक्षा प्रभावित हो रही है और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है।

कार्रवाई न होने पर 19 मई 2026 को प्रधानाचार्य ने स्मरण पत्र भेजते हुए पुनः विद्यालय की सुरक्षा दीवार और गेट का निर्माण शीघ्र कराने का अनुरोध किया। इसके बावजूद लंबे समय तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे विद्यालय प्रशासन और अभिभावकों में नाराजगी बनी रही।

मामला मीडिया के संज्ञान में आने के बाद कार्यदायी संस्था की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई। इस संबंध में कार्यदायी संस्था के ठेकेदार सुमित गंगवार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि विद्यालय की टूटी सुरक्षा दीवार और मुख्य गेट का मामला उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने कहा कि चूंकि यह मामला विद्यालय और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ा है, इसलिए इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर लिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर विद्यालय की टूटी सुरक्षा दीवार एवं मुख्य गेट का निर्माण कर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।

विद्यालय प्रशासन और स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि कार्यदायी संस्था अपने आश्वासन के अनुरूप समयबद्ध कार्रवाई करेगी, ताकि विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था जल्द से जल्द बहाल हो सके और छात्र-छात्राओं को सुरक्षित वातावरण मिल सके।

उत्तराखंड