जाम छलका तो जुबां भी फिसली, बात बढ़ी तो हाथ भी चले, काली मंदिर के पास छिड़ी महाभारत, पांच पहुंचे सलाखों तले।
शराब के नशे में दो पक्षों के बीच हुआ जमकर हंगामा, पुलिस ने समय रहते संभाला मोर्चा
दर्पण न्यूज 24/7
हल्दूचौड़। खड़कपुर स्थित काली मंदिर के पास शनिवार को शराब के नशे में दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते सड़क पर “महाभारत” में बदल गया। पहले कहासुनी हुई, फिर माहौल गर्माया और देखते ही देखते दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पांच लोगों को गिरफ्तार कर शांति व्यवस्था बहाल कराई।
पुलिस के अनुसार 21 जून को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम खड़कपुर में काली मंदिर के पास दो पक्ष शराब के नशे में आपस में लड़ाई-झगड़ा कर रहे हैं। सूचना पर चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां काफी संख्या में लोग एकत्र थे और दोनों पक्षों के बीच विवाद जारी था।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच काफी देर से विवाद चल रहा था। स्थानीय लोगों ने भी कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन नशे में धुत लोग किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे। पुलिस ने भी दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की, मगर वे और अधिक उग्र हो गए।
स्थिति को गंभीर देखते हुए पुलिस ने आशंका जताई कि यदि तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है। इसके बाद पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में विजय कुमार (24 वर्ष), अमित कुमार (33 वर्ष), कृष्णा आर्या (33 वर्ष), विजय आर्या (34 वर्ष) और प्रकाश राम (34 वर्ष) निवासी खड़कपुर, हल्दूचौड़ शामिल हैं। सभी के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी, कांस्टेबल उमेश गिरी ,कांस्टेबल मनीष कुमार कांस्टेबल कुबेर सिंह शामिल रहे।
