गले में फंसी साइकिल लेकर भटक रहा गौवंश, रेस्क्यू में जुटे लोगों के सामने चुनौती!
हनुमान मंदिर रोड में श्रीराम स्वीट्स के पास का मामला, आक्रामक व्यवहार से बचाव कार्य प्रभावित।
हल्दूचौड़। श्रीराम स्वीट्स के समीप एक गौवंश (सांड) के गले और शरीर में साइकिल फंस जाने का मामला सामने आया है। साइकिल में उलझा गौवंश क्षेत्र में घूमता दिखाई दिया, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई लोगों ने गौवंश को साइकिल से मुक्त कराने का प्रयास किया, लेकिन साइकिल में फंसे होने और घबराहट के कारण वह आक्रामक हो गया। इसके चलते रेस्क्यू करने पहुंचे लोगों को भी सुरक्षा कारणों से दूरी बनानी पड़ी। हालांकि स्थानीय लोग लगातार उसे सुरक्षित तरीके से छुड़ाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि साइकिल का फ्रेम और पहिया गौवंश के गले व शरीर के आसपास फंसा हुआ है। यदि समय रहते उसे मुक्त नहीं कराया गया तो उसके घायल होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने गोधाम हल्दूचौड़ समेत पशुपालन विभाग, नगर पंचायत और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से तत्काल विशेषज्ञ टीम भेजकर गौवंश का सुरक्षित रेस्क्यू कराने की मांग की है।
