बिना बोर्ड की मंजूरी हुए सभी टेंडर होंगे निरस्त: कैड़ा
लेक ब्रिज चुंगी टेंडर विवाद पर शहरी विकास मंत्री का बड़ा फैसला, बोले—नियमों से नहीं होगा कोई समझौता।
दर्पण न्यूज 24×7 | नैनीताल
नगर पालिका नैनीताल में लेक ब्रिज चुंगी टेंडर को लेकर उठे विवाद के बीच शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने स्पष्ट कर दिया है कि बोर्ड की मंजूरी के बिना किए गए सभी टेंडर निरस्त किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर निकायों में बोर्ड सर्वोच्च संस्था है और उसकी स्वीकृति के बिना किसी भी टेंडर प्रक्रिया को वैध नहीं माना जाएगा।
रविवार को नैनीताल पहुंचे कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा का विधायक सरिता आर्या और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। राज्य अतिथि गृह में आयोजित बैठक के दौरान विधायक सरिता आर्या ने लेक ब्रिज चुंगी टेंडर विवाद से संबंधित ज्ञापन मंत्री को सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए मंत्री कैड़ा ने कहा कि यदि संबंधित टेंडर नगर पालिका बोर्ड की बैठक में विधिवत पारित नहीं हुए हैं तो ऐसे सभी टेंडर निरस्त कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि “बोर्ड का सम्मान सर्वोपरि है। बोर्ड में पक्ष और विपक्ष के जनप्रतिनिधियों की सहमति से प्रस्ताव पारित होते हैं। यदि बोर्ड से प्रस्ताव स्वीकृत नहीं हुआ है तो बिना मंजूरी जारी किसी भी टेंडर को स्वीकार नहीं किया जाएगा।”
इस दौरान मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है।
बैठक में मंत्री ने वर्ष 2027 में हरिद्वार में होने वाले अर्धकुंभ की तैयारियों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार अर्धकुंभ को दिव्य और भव्य बनाने के लिए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है। नए घाटों का निर्माण, पुराने घाटों का सौंदर्यीकरण, पार्किंग व्यवस्था और अन्य आवश्यक कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है और तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, विमला अधिकारी, दिनेश आर्या, नगर मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, अरविंद पड़ियार, विजय कुमार, गोपाल रावत, दया किशन पोखरिया, आनंद बिष्ट, हरीश राणा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शहरी विकास मंत्री के इस बयान के बाद नैनीताल नगर पालिका में लेक ब्रिज चुंगी टेंडर विवाद पर प्रशासनिक कार्रवाई की संभावना तेज हो गई है। यदि जांच में बोर्ड की स्वीकृति के बिना टेंडर जारी होने की पुष्टि होती है तो पूरे मामले में बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
