देवभूमि में रक्षा उत्पादन हब की पहल, पीएम को धामी का न्योता सी-प्लेन, एक्सप्रेस-वे और रेल विस्तार के प्रस्ताव!
दर्पण न्यूज 24/7 देहरादून/नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट कर उत्तराखंड के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य आगमन का निमंत्रण भी दिया और केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने राज्य में रक्षा उपकरण निर्माण इकाइयों की स्थापना के लिए नीति समर्थन और प्राथमिकता देने का अनुरोध किया। उन्होंने कोटद्वार, हरिद्वार और देहरादून में रक्षा उत्पादन औद्योगिक हब विकसित करने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि राज्य की सामरिक स्थिति, प्रशिक्षित मानव संसाधन और औद्योगिक ढांचा इस दिशा में उपयुक्त है।
बैठक में टिहरी झील में सी-प्लेन सेवा शुरू करने, दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे के निर्माण और दिल्ली- त्वरित ट्रांजिट सिस्टम परियोजना के विस्तार को हरिद्वार व ऋषिकेश तक बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से काशीपुर, रुद्रपुर, पंतनगर एयरपोर्ट और जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क तक आवागमन आसान होगा और पर्वतीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
रेल नेटवर्क विस्तार पर भी विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश-व्यासी खंड के शीघ्र लोकार्पण, टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन में रोड-कम-रेल टनल, बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन सर्वे और हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के डबलिंग का अनुरोध किया। साथ ही सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण उत्तरकाशी को रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन का प्रस्ताव भी रखा गया, जिससे गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा सुगम होगी।
मुख्यमंत्री ने राज्य को वैश्विक वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की योजनाओं की जानकारी देते हुए चौपता, दुग्गलबिट्ठा और शारदा कॉरिडोर क्षेत्र में चल रहे कार्यों का उल्लेख किया। साथ ही रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को पहले से लोकप्रिय वेडिंग डेस्टिनेशन बताया।
पर्यटन और आस्था के क्षेत्र में प्रगति का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि आदि कैलास यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या 2022 के 1761 से बढ़कर 2025 में 36 हजार से अधिक हो गई है। राज्य में हेली सेवा और शीतकालीन यात्रा शुरू होने से पर्यटन को बढ़ावा मिला है।
इसके अलावा “वोकल फॉर लोकल” के तहत “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने, 6000 से अधिक होम-स्टे पंजीकरण और “उत्तरास्टेज” नामक मुफ्त मार्केटिंग पोर्टल की भी जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास के लिए आमंत्रित करते हुए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे और टिहरी पम्प्ड स्टोरेज प्लांट के उद्घाटन तथा पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार व बनबसा लैंड पोर्ट परियोजना के शिलान्यास का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर बन रहा बनबसा लैंड पोर्ट अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी और व्यापार को नई गति देगा।
