खबरें शेयर करें -

नोएडा में भयंकर सड़क हादसा! महामाया फ्लाईओवर के पास पलटी दिल्ली जा रही सवारी बस, कई यात्री घायल!
दर्पण न्यूज 24/7 | नोएडा
नोएडा में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होने की सूचना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही एक सवारी बस नोएडा के महामाया फ्लाईओवर के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में करीब एक दर्जन यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि बस जब महामाया फ्लाईओवर के निकट पहुंची तो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। तेज रफ्तार में चल रही बस डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
हादसे के कारण दिल्ली जाने वाले मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।
पुलिस के अनुसार घटना नोएडा के फेज-1 थाना क्षेत्र में महामाया फ्लाईओवर के पास हुई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

उत्तराखंड