सरकारी दावों की जमीनी हकीकत देखने पहुंचे लोग, मिला सीधा ये जवाब!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड हल्द्वानी परिसर में आयोजित बहुद्देशीय शिविर एवं विकास प्रदर्शनी में लोगों को सरकारी दावों की जमीनी हकीकत देखने का अवसर मिला। विभिन्न विभागों ने एक ही मंच पर अपनी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ उपलब्ध कराया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नैनीताल-ऊधमसिंहनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने की। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 25 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि पंचायती राज विभाग ने परिवार रजिस्टर की पांच प्रतियां ऑनलाइन जारी कीं। ग्राम विकास विभाग ने 18 बीपीएल एवं एसईसीसी प्रमाण-पत्र वितरित किए। आधार कार्ड से संबंधित 23 अपडेशन किए गए तथा कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से 13 ऑनलाइन आवेदन भी संपादित किए गए।
शिविर की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर रही। प्राप्त 23 शिकायतों में से 22 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जिससे लोगों में संतोष का माहौल देखने को मिला। बाल विकास विभाग ने दो लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की, जबकि सहकारिता विभाग ने बिना ब्याज ऋण योजना के तहत छह लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र सौंपे।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की मंशा है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए लगातार प्रयासरत है और ऐसे शिविर आम जनता को सीधे लाभ पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन रहे हैं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति एवं नशा उन्मूलन की शपथ दिलाई। उन्होंने समाज को नशामुक्त बनाने में जनसहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाया।
