यूओयू दीक्षांत समारोह में मेधावी छात्रों की चमकी प्रतिभा, राज्यपाल ने दिए ‘सतत सीखने और सामाजिक उत्तरदायित्व’ के संस्कार।
दर्पण न्यूज 24/7
हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का दसवां दीक्षांत समारोह सोमवार को अत्यंत गरिमामय और भव्य माहौल में सम्पन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने की। इस अवसर पर कुल 18,146 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर एवं डिप्लोमा की उपाधियां प्रदान की गईं। वहीं दो विद्यार्थियों को कुलाधिपति मेडल, 28 को विश्वविद्यालय गोल्ड मेडल, चार को प्रायोजित स्वर्ण पदक और छह शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधियां दी गईं।
समारोह की शुरुआत शोभायात्रा, राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्वलन से हुई। कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 की उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विस्तार एवं शोध गतिविधियों की जानकारी दी। इसके बाद राज्यपाल ने विधिवत उपाधि प्रदान की और विद्यार्थियों को सत्य, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ निरंतर सीखते रहने का संदेश दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यूओयू ने सचमुच उच्च शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है और विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों से समझौते कर शिक्षा का दायरा बढ़ाया है।
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की शौर्य दीवार, हिंदी वेबसाइट ‘प्रगति के सोपान’ एवं त्रैमासिक पत्रिका ‘उड़ान’ का लोकार्पण भी किया गया। उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान के लिए विश्वविद्यालय के छह शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए, वहीं आईसीटी अनुभाग के विनीत पौरियाल को ‘हैलो हल्द्वानी रेडियो ऐप’ के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मेयर गजराज बिष्ट, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, डीएम ललित मोहन रयाल सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, प्रोफेसर एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
पीएचडी उपाधि प्राप्त शोधार्थी
शिक्षाशास्त्र— संजना रौतेला, नमिता बोरा, लता आर्या
मानविकी— बसुदेव प्रसाद, शशांक शर्मा, कमल डिमरी
कुलाधिपति स्वर्ण पदक
प्रेरणा भट्ट (पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान), प्रवेश कुमार (शिक्षाशास्त्र)
विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक
समाज विज्ञान, शिक्षाशास्त्र, मानविकी, स्वास्थ्य विज्ञान, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के कुल 28 मेधावी छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल प्रदान किए गए।
प्रायोजित स्वर्ण पदक
व्यापार मंडल के प्रदेश प्रवक्ता व जीएसटी प्रभारी एवं लायंस क्लब हल्द्वानी ग्रीन सिटी अध्यक्ष डॉ. प्रमोद अग्रवाल ‘गोल्डी’ द्वारा प्रायोजित तीन स्वर्ण पदक प्रदान किए गए—
लाला देवकीनंदन नंदकिशोर स्मृति स्वर्ण पदक – प्रेरणा भट्ट
शीला देवी स्मृति स्वर्ण पदक – प्रवेश कुमार
भगवती देवी स्मृति स्वर्ण पदक – अंकिता नेगी
कल्याण भवति समिति पदक – सौम्या कांडपाल
दीक्षांत समारोह के साथ ही विश्वविद्यालय में उपलब्धियों का नया अध्याय जुड़ गया और मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामनाओं के साथ समारोह सफलतापूर्वक सम्पन्न
