खटीमा में जहरीली शराब से दो की मौत, एक जिंदगी-मौत से जूझ रहा ।
खटीमा। शादी समारोह से लौट रहे तीन लोगों की संदिग्ध जहरीले पेय के सेवन से हालत बिगड़ गई। इस दर्दनाक घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गया है।
गुरुवार देर रात कंजाबाग उमरूखुर्द निवासी स्वामी ढिल्लू राणा (52) पुत्र स्व. बादाम सिंह, भगचूरी निवासी मलकीत सिंह राणा (60) पुत्र ठग्गू सिंह राणा और सत्रहमील भगचूरी निवासी अधिवक्ता प्रवेश मौर्या, सैजना गांव में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। लौटते समय तीनों ने कंजाबाग चौराहे स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान से शराब खरीदी और पार्वती पैलेस के पास बैठकर शराब पी।
शराब पीते ही तीनों की हालत बिगड़ गई। सांस लेने में दिक्कत होने लगी और उल्टियां शुरू हो गईं। मौके पर मौजूद श्रवण कुमार तीनों को आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक डॉ. वीपी सिंह ने ढिल्लू राणा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में मलकीत सिंह राणा और अधिवक्ता प्रवेश मौर्या को हायर सेंटर रेफर किया गया। भोजीपुरा स्थित राममूर्ति स्मारक अस्पताल में उपचार के दौरान मलकीत सिंह राणा की भी मौत हो गई। वहीं अधिवक्ता प्रवेश मौर्या की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
शराब में मिलाया गया कैमिकल!
मौके से पुलिस ने 8 पीएम ब्लैक के दो खाली क्वार्टर, एक खाली आधी बोतल, एक संदिग्ध प्लास्टिक की बोतल और उल्टी के नमूने कब्जे में लिए हैं। सीओ भूपेंद्र सिंह ने बताया कि बरामद सामग्री को सील कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतकों और घायलों के पास गाड़ी में एक बोतल में संदिग्ध रासायनिक तरल था, जिसे पानी समझकर शराब में मिलाकर पी लिया गया।
डॉक्टरों के अनुसार मृतकों और घायलों के मुंह से तीव्र मिथाइल अल्कोहल जैसे जहरीले केमिकल की गंध आ रही थी। इससे जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका और गहरी हो गई है।
शराब की दुकान सीज, मजिस्ट्रेट जांच शुरू!
एसडीएम तुषार सैनी ने बताया कि डीएम के आदेश पर मामले की मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी गई है। कंजाबाग रोड स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र शाह, वरिष्ठ उप निरीक्षक ललित मोहन सिंह रावल पुलिस टीम के साथ उप जिला चिकित्सालय पहुंचे और शव को मोर्चरी में रखवाया गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़!
मृतक ढिल्लू सिंह राणा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के श्रद्धा जागरण प्रमुख तथा वनवासी कल्याण आश्रम के माध्यम से संचालित मीरा बारह राणा सेवा संस्थान से जुड़े पदाधिकारी थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। ढिल्लू राणा अपने पीछे पत्नी मीना राणा, पुत्री वैष्णवी और वैशाली को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों से पर्दा उठ सकेगा।
