खबरें शेयर करें -

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयुर्वेदिक चिकित्सालय हल्दूचौड़ में योग शिविर आयोजित!

हल्दूचौड़। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुर्वेदिक चिकित्सालय हल्दूचौड़ में शनिवार सायं एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुर्वेदिक चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. दीपक गिरी गोस्वामी ने की।

योग शिविर में प्रशिक्षित योग अनुदेशक दीपक पांडे ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का प्रशिक्षण दिया। उनके साथ योग अनुदेशिका अर्चना भट्ट ने स्वयं अभ्यास कर प्रतिभागियों को योग क्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।

इस अवसर पर डॉ. दीपक गिरी गोस्वामी ने योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है। उन्होंने उपस्थित लोगों को प्रतिदिन योग करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

योग शिविर में उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया। प्रतिभागियों ने योग प्रशिक्षण से लाभान्वित होने की बात कही।

कार्यक्रम में समाजसेवी गोविंद वल्लभ भट्ट, रमेश सिंह, अर्चना भट्ट, रेनू, दीपिका, श्याम लाल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं आमजन उपस्थित रहे।

उत्तराखंड