खबरें शेयर करें -
  • “गर्भवती महिलाओं की मौतों पर फूटा गुस्सा: नेगी का सरकार और राजभवन पर सीधा हमला, कहा– ‘अस्पताल नहीं, रेफरल सेंटर बन गई स्वास्थ्य व्यवस्था!
    स्वास्थ्य मंत्री और राज्यपाल से मांगा इस्तीफा, चेतावनी– व्यवस्था नहीं सुधरी तो प्रदेशव्यापी आंदोलन!
    देहरादून/विकासनगर | दर्पण न्यूज 24/7
    प्रदेश की चरमराती स्वास्थ्य व्यवस्था और गर्भवती महिलाओं की लगातार हो रही मौतों को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने सरकार और राजभवन पर तीखा हमला बोला है। मोर्चा के अध्यक्ष व जीएनवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि उत्तराखंड में समय पर इलाज न मिलने से गर्भवती महिलाओं की मौतें हो रही हैं और कई मामलों में भ्रूण जन्म से पहले ही कोख में दम तोड़ रहा है, जो बेहद दर्दनाक और शर्मनाक स्थिति है।
    पत्रकारों से बातचीत में नेगी ने कहा कि प्रदेश के सरकारी अस्पताल अब इलाज के केंद्र नहीं रहे, बल्कि केवल रेफरल सेंटर बनकर रह गए हैं। कहीं डॉक्टरों की भारी कमी है तो कहीं पैरामेडिकल स्टाफ नहीं है। कई अस्पतालों में केवल इमारतें चमक रही हैं, लेकिन मरीजों को इलाज नहीं मिल रहा। आमजन को इलाज के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
    नेगी ने इन घटनाओं के लिए सीधे तौर पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत और राज्यपाल गुरमीत सिंह को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ मौतें नहीं बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था की घोर लापरवाही का परिणाम हैं। इतने गंभीर मामलों पर राजभवन द्वारा संज्ञान न लेना भी बेहद गैर-जिम्मेदाराना है।
    उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री इन गंभीर मुद्दों से बेखबर क्यों हैं। कहीं ऐसा तो नहीं कि अधिकारी ही उनकी बात नहीं सुन रहे। पिछले पांच से सात महीनों में जिस तरह प्रसूता महिलाओं की मौतें हुई हैं और बीमार लोगों को समय पर इलाज नहीं मिला, उससे प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की असल तस्वीर सामने आ गई है।
    नेगी ने यह भी कहा कि राज्यपाल केवल भाषणों तक सीमित हैं, जबकि जनता इलाज के लिए भटक रही है। उन्होंने मांग की कि स्वास्थ्य सेवाओं की इस बदहाली की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री और राज्यपाल को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
    उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो जन संघर्ष मोर्चा पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर बड़ा आंदोलन शुरू करेगा।
    पत्रकार वार्ता में ठाकुर भाग सिंह और मोर्चा अध्यक्ष अमित जैन भी मौजूद रहे।

उत्तराखंड